Bokaro News: बोकारो रेल सेक्शन में रेलवे की व्यवस्थाओं और चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल जैन पहुंचे. यह आद्रा डिविजन के बोकारो सेक्शन का उनका पहला निरीक्षण था. उन्होंने बोकारो स्टेशन के साथ इलेक्ट्रिक विभाग की व्यवस्थाएं देखीं और अधिकारियों को जरूरी सुधार के निर्देश दिए.
बोकारो स्टेशन और इलेक्ट्रिक विभाग का निरीक्षण
अनिल जैन ने निरीक्षण की शुरुआत बोकारो रेलवे स्टेशन से की. इसके बाद वे अधिकारियों की टीम के साथ आद्रा डिविजन के बड़े इलेक्ट्रिक विभाग पहुंचे. वहां उन्होंने विभाग की व्यवस्थाओं और कामकाज की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
जानकारी के अनुसार, बोकारो के इलेक्ट्रिक विभाग के विस्तार की योजना है. हालांकि, विभागीय अधिकारियों ने महाप्रबंधक के दौरे को नियमित निरीक्षण बताया है.

यात्रियों को मिलेंगी नई सुविधाएं
प्रेस से बातचीत में अनिल जैन ने कहा कि बोकारो रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ी का काम जल्द पूरा किया जाएगा. इसके अलावा यार्ड मॉडलिंग का काम भी प्रस्तावित है. महाप्रबंधक ने बताया कि बोकारो रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 बनाने की योजना है. इनके बनने से स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाएं और बेहतर होंगी.

ऑनलाइन टिकट और डबल लाइन व्यवस्थाओं पर जोर
टिकट काउंटरों को लेकर अनिल जैन ने कहा कि अब बड़ी संख्या में यात्री ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं. यात्रियों की जरूरत के हिसाब से टिकट काउंटरों की संख्या कम या ज्यादा की जाती है. उन्होंने बताया कि ट्रेन संचालन से पहले कई स्तर पर निरीक्षण किया जाता है.
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाओं को भी जांचा जाता है. उन्होंने कहा कि कई जगह डबल लाइन का काम चल रहा है. इसके पूरा होने के बाद संबंधित रूटों पर पैसेंजर ट्रेनों के संचालन में सुविधा होगी.
साउथ की ट्रेनों पर क्या बोले
बोकारो से दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों की कमी के सवाल पर अनिल जैन ने कहा कि इसके लिए डबल ट्रैक का काम पूरा होना जरूरी है. उन्होंने बताया कि कई जगह अभी सिंगल ट्रैक है. इसके अलावा रेलवे के सामने कुछ अन्य समस्याएं भी हैं. इन सभी समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.