Jamshedpur News: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा में प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट यानी STP को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है. बालीगुमा मौजा के गाजाडीह टोला और वार्ड नंबर 10 के ग्रामीणों ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा.
ग्रामीणों ने STP का निर्माण तुरंत रोकने की मांग की है. उन्होंने कहा कि प्लांट के लिए कोई दूसरी उपयुक्त जगह तय की जाए. ग्रामीणों का कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं. लेकिन ऐसा विकास नहीं होना चाहिए, जिससे लोगों के स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक जीवन पर बुरा असर पड़े.
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि आवासीय इलाके के पास सीवरेज प्लांट बनने से आसपास का वातावरण प्रभावित हो सकता है. इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा पैदा होने की चिंता ग्रामीणों ने जताई है. ज्ञापन में सोमाय सोरेन, लक्ष्मण किस्कू समेत अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने एक वैकल्पिक मांग भी रखी है.
उन्होंने कहा कि जिस जगह STP बनाने का प्रस्ताव है, वहां सामुदायिक भवन बनाया जाए. ग्रामीणों के अनुसार, गांव में सामुदायिक भवन बनने से लोगों को शादी-विवाह और दूसरे सामाजिक कार्यक्रमों के लिए दूसरी जगह नहीं जाना पड़ेगा. इससे गांव के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी.
ग्रामीणों ने प्रशासन से उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित को देखते हुए प्रशासन STP का स्थान बदलने का फैसला करेगा.