Telangana CM: केंद्र सरकार ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के आगामी अमेरिका दौरे को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है. इस संबंध में तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने शुक्रवार को आधिकारिक जानकारी साझा की. फिलहाल लंदन प्रवास पर मौजूद सीएम रेवंत रेड्डी अब अमेरिका जाने के बजाय 23 अगस्त को सीधे हैदराबाद वापस लौटेंगे.
अमेरिका दौरे की मंजूरी नहीं मिलने पर CMO का आरोप
रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में तेलंगाना राइजिंग प्रतिनिधिमंडल को अमेरिका जाना था. दौरे के दौरान बोस्टन और न्यूयॉर्क में कई कार्यक्रम प्रस्तावित थे. केंद्र से मंजूरी नहीं मिलने के बाद यह दौरा रद्द कर दिया गया. तेलंगाना CMO के अनुसार, राज्य सरकार ने ब्रिटेन और अमेरिका दौरे के लिए नियमानुसार अनुमति मांगी थी. बताया गया कि केंद्र से केवल ब्रिटेन यात्रा की मंजूरी मिली. CMO ने आरोप लगाया कि अमेरिका दौरे के लिए विदेश मंत्रालय ने राजनीतिक आधार पर अनुमति नहीं दी. इस दावे पर केंद्र सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
लंदन के बाद अमेरिका में कई कार्यक्रम थे तय
रेवंत रेड्डी 20 अगस्त को लंदन पहुंचे थे. वहां ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन और लंदन बिजनेस स्कूल में उनके कार्यक्रम तय थे. इसके बाद 24 अगस्त को अमेरिका जाने का कार्यक्रम था. बोस्टन में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और MIT से जुड़े कार्यक्रम तय थे. 25 अगस्त को वर्जीनिया टेक की टीम के साथ चर्चा होनी थी. वहीं 26 अगस्त को न्यूयॉर्क में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के US चैप्टर के कार्यक्रम में शामिल होना था.