Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-20

Seraikela Crime News: गुलगुलिया बस्ती में पुलिस की छापेमारी, बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार, 80 से अधिक सोने-चांदी के जेवर बरामद

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के आमदा ओपी पुलिस ने बंद और सुनसान घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके कथित सरगना को गिरफ्तार किया है. गुलगुलिया बस्ती में छापेमारी के दौरान पुलिस ने ललन सिंह मोदी उर्फ टीका सिंह मोदी को पकड़ा. उसके घर से 80 से अधिक सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं.

गुप्त सूचना पर घर में हुई छापेमारी
पुलिस को 19 अगस्त की दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली थी कि खरसावां थाना के आमदा ओपी में दर्ज कांड संख्या 36/26 और 37/26 में चोरी किए गए जेवर ललन सिंह मोदी के घर में छिपाकर रखे गए हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर छापामारी टीम बनाई गई. सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने गुलगुलिया बस्ती स्थित आरोपी के घर पर कार्रवाई की.

अलमारी के नीचे झोले में छिपे थे जेवर
पुलिस के पहुंचते ही घर में मौजूद कुछ लोग भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर ललन सिंह मोदी को पकड़ लिया. इसके बाद घर की तलाशी ली गई. टीन की अलमारी के नीचे जमीन पर रखे एक झोले से प्लास्टिक की पोटली बरामद हुई. पोटली खोलने पर उसमें बड़ी संख्या में सोने-चांदी के आभूषण मिले. पुलिस के अनुसार, बरामद जेवरों से संबंधित कोई दस्तावेज आरोपी पेश नहीं कर सका.



पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान ललन सिंह मोदी ने बंद घरों में चोरी करने की बात स्वीकार की है. उसने कथित तौर पर बताया कि वह अपने बेटे अनु मोदी, रौशन मोदी और बहुओं रूपा मोदी व कुंती मोदी के साथ मिलकर सरायकेला, खरसावां और आमदा क्षेत्र में चोरी करता था. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.

80 से अधिक जेवर बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में 21 बड़ी-छोटी पायल, 9 सोने के लॉकेट, झुमका, नथिया, ताबीज, दो चांदी के पंजे, बच्चों के 7 बेरा, दो ब्रेसलेट, तीन गले की चेन, बिछिया, अंगूठी, त्रिशूल और दुर्गा लॉकेट शामिल हैं. इसके अलावा दो चांदी के बिस्कुट भी बरामद किए गए हैं. कुल मिलाकर 80 से अधिक जेवर और अन्य कीमती सामान पुलिस के हाथ लगे हैं.

आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया
मामले में आमदा ओपी कांड संख्या 39/26, दिनांक 19 अगस्त 2026 को BNS की धारा 317(2), 317(4), 317(5) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, चोरी की घटनाओं में शामिल बताए जा रहे परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !