Seraikela: सरायकेला की बेटी सुकृति कुमारी ने पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे झारखंड में पहला स्थान हासिल किया है। इंद्रटांडी की रहने वाली सुकृति ने प्रवेश परीक्षा में 89.16 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य में रैंक-1 हासिल की। उनकी सफलता से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
मैट्रिक में भी रहा शानदार प्रदर्शन
सुकृति के माता-पिता अनिता कुमारी और दिनेश सिंह बाल विकास शिक्षा निकेतन, सरायकेला में कार्यरत हैं। सुकृति ने कक्षा आठ तक की पढ़ाई भी इसी विद्यालय से की है। इसके बाद उन्होंने ग्राम विकास उच्च विद्यालय, टेंटोपोसी से इसी वर्ष मैट्रिक की परीक्षा पास की, जिसमें उन्हें 95.80 प्रतिशत अंक मिले थे।
प्रवेश परीक्षा में राज्यभर में सबसे आगे
मैट्रिक के बाद पॉलिटेक्निक में नामांकन के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा में सुकृति ने अपनी मेहनत और तैयारी का बेहतर परिणाम दिया। 89.16 प्रतिशत अंक के साथ राज्य में प्रथम स्थान हासिल कर उन्होंने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया है। सुकृति की इस उपलब्धि को लेकर उनके परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।