Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-08

Jamshedpur News: जमशेदपुर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया शहीद निर्मल महतो का 39वां शहादत दिवस, सीएम हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, देखें VIDEO

Jamshedpur News: जमशेदपुर में शनिवार को झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल शहीद निर्मल महतो का 39वां शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जमशेदपुर पहुंचे और शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और योगदान को याद किया.


प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद समाधि स्थल पहुंचे

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कदमा के उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इसके बाद उन्होंने समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए. कार्यक्रम में कई विधायक, जनप्रतिनिधि और झामुमो के नेता भी मौजूद रहे.


निर्मल महतो के संघर्ष और योगदान को किया याद

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, त्याग और झारखंड के लिए उनके योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि निर्मल महतो ने समाज और झारखंड के हितों के लिए अपना जीवन समर्पित किया. उनके विचारों और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.


चमरिया गेस्ट हाउस में भी हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम

बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस में भी शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. यहां सांसद विद्युत वरण महतो, पोटका विधायक संजीव सरदार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने माल्यार्पण कर शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि दी.


8 अगस्त 1987 को हुई थी निर्मल महतो की हत्या

गौरतलब है कि 8 अगस्त 1987 को बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस के बाहर शहीद निर्मल महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उनकी शहादत की स्मृति में हर वर्ष 8 अगस्त को जमशेदपुर समेत झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. कदमा के उलियान में होने वाला आयोजन प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल है.


दिनभर याद किए गए शहीद निर्मल महतो

शहीद निर्मल महतो के 39वें शहादत दिवस पर जमशेदपुर में दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और झारखंड आंदोलन में उनके संघर्ष, त्याग और योगदान को याद किया.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !