Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-08

Himachal Road Accident: चंबा के चुराह में 100 फीट गहरी खाई में गिरी यात्री बस, ड्राइवर-कंडक्टर समेत 10 की मौत, 7 गंभीर

Himachal Road Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से शनिवार सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. चुराह उपमंडल के बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही एक निजी यात्री बस देवीकोठी के पास अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में गिर गई. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बस के ड्राइवर और कंडक्टर सहित 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
सफर शुरू होने के महज तीन किलोमीटर बाद हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, शर्मा ट्रैवलर्स की यह बस सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी. यात्रा शुरू होने के महज तीन किलोमीटर बाद चालुज मोड़ के पास अचानक चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया. अनियंत्रित होकर बस पहाड़ी से नीचे लुढ़कते हुए सीधे निचले रास्ते पर जा गिरी. बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 16 यात्री मौजूद थे.

स्थानीय निवासियों ने संभाला मोर्चा, घायलों को निकाला बाहर
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल तीसा भिजवाया. बस के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए बस को हटाने और बचाव अभियान चलाने की कोशिशें जारी हैं.

पुलिस-प्रशासन मौके पर, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी राहत दल के साथ मौके पर पहुंच गए. चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि प्राथमिकता घायलों को त्वरित इलाज उपलब्ध कराने की है. उन्होंने कहा कि दुर्घटना किन कारणों से हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, राहत कार्य पूरा होने के बाद ही हताहतों का अंतिम आंकड़ा स्पष्ट हो पाएगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !