National Handloom Day Jamshedpur: वीवर्स डेवलपमेंट एंड रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन आगामी 7 अगस्त को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में 13वें राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का भव्य आयोजन करने जा रहा है. यह विशेष कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा. आयोजन में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे. गुरुवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आयोजकों ने इस बात की विस्तृत जानकारी दी.
बुनकरों के पलायन और चुनौतियों पर मंथन
इस राष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हस्तकरघा उद्योग और बुनकर समाज के सामने आ रही गंभीर चुनौतियों पर गहन चर्चा करना है. कार्यक्रम में विशेष रूप से बुनकरों के पलायन और इसके पीछे के कारणों पर विचार-विमर्श किया जाएगा. इस संवाद के आधार पर बुनकरों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए एक विस्तृत मांग पत्र तैयार किया जाएगा, जिसे बाद में केंद्र और राज्य सरकार को सौंपा जाएगा.
कई प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल
आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से बुनकर प्रतिनिधियों के अलावा लगभग 500 स्थानीय प्रतिभागी भी हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगी. इनमें खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के पूर्व अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, आरएसएस के प्रांत संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के पूर्व सदस्य आनंद साहू और स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय शामिल हैं. इस अवसर पर समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा.
2015 में प्रधानमंत्री ने दी थी आधिकारिक मान्यता
प्रेस वार्ता में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार भारती और अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी संस्था ने पहली बार 7 अगस्त 2014 को नई दिल्ली में हस्तकरघा दिवस का आयोजन किया था. इसके बाद वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अगस्त की तिथि को आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी.
शहर में राज्यपाल के अन्य कार्यक्रम
हस्तकरघा दिवस समारोह के समापन के बाद राज्यपाल संतोष गंगवार जमशेदपुर में अन्य कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे. निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, वह दोपहर 2:00 बजे न्यू बाराद्वारी स्थित मदरहुड मल्टीस्पेशलटी हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद दोपहर 2:30 बजे वह मरीन ड्राइव स्थित ब्रह्माकुमारीज परिसर पहुंचेंगे, जहां वे नशामुक्त भारत अभियान बस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.