Kolhan University Session Delay: कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतिम वर्ष के छात्रों का शैक्षणिक सत्र समय पर पूरा नहीं होने से अब छात्र संगठनों का विरोध तेज हो गया है. अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने इस मुद्दे को उठाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. संगठन ने उपायुक्त, राज्यपाल सह कुलाधिपति, कुलपति, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (DSW) और परीक्षा नियंत्रक (COE) को ज्ञापन सौंपा है.
आजसू का कहना है कि चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम (FYUGP) के सत्र 2022-26 के छात्र लगातार शैक्षणिक देरी का खामियाजा भुगत रहे हैं. एक साल से अधिक समय से सत्र पीछे चल रहा है, जिससे छात्रों का पीजी में दाखिला, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और नौकरी के अवसर प्रभावित हो रहे हैं.
संगठन ने विश्वविद्यालय के सामने परीक्षा प्रक्रिया को लेकर एक वैकल्पिक प्रस्ताव भी रखा है. आजसू का सुझाव है कि सेमेस्टर-7 की लिखित परीक्षा कराने के बजाय विभागीय स्तर पर असाइनमेंट आधारित मूल्यांकन कराया जाए. छात्र निर्धारित समय में असाइनमेंट जमा करें, इसके बाद वाइवा लेकर अंक पोर्टल पर अपलोड किए जाएं. इससे सेमेस्टर-8 की परीक्षा तय समय पर कराई जा सकेगी.
आजसू ने विश्वविद्यालय प्रशासन से यह भी मांग की है कि अक्टूबर 2026 से पहले सेमेस्टर-8 की परीक्षा और अंतिम परिणाम जारी कर दिए जाएं, ताकि छात्रों का अगला शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो और वे समय पर पीजी में नामांकन ले सकें.
ज्ञापन में संगठन ने झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम-2026, यूजीसी के दिशा-निर्देशों और कुलाधिपति के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा है कि छात्रों के हित में जल्द निर्णय लिया जाना जरूरी है.
आजसू छात्र संघ का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा और संगठन आगे आंदोलन की रणनीति बनाने को मजबूर होगा.