Jamshedpur: बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोन नंबर-8 में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 18 वर्षीय एक युवक का शव उसके अपने ही घर के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी रोहित रविदास के रूप में हुई है। इस अचानक हुई घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
एमजीएम अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात रोहित घर वापस आने के बाद अपने कमरे में चला गया था। कुछ समय बीत जाने पर जब घर वालों ने कमरे में जाकर देखा, तो उसे फंदे पर झूलता पाया। बदहवास परिजन तुरंत फंदा काटकर उसे नीचे उतारे और आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम (MGM) अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
9 महीने पहले हुई थी लव मैरिज, नशे और मानसिक तनाव में था युवक
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, घर लौटने से पहले रोहित का बाहर किसी विषय को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि वह अत्यधिक नशे की हालत में था और काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। घर आकर उसने खाना खाया और चुपचाप अपने कमरे में बंद हो गया, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया। गौरतलब है कि महज नौ महीने पूर्व ही उसने चक्रधरपुर की एक युवती से प्रेम विवाह किया था।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, मामले की जांच में जुटी बिरसानगर पुलिस
सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े तमाम पहलुओं और कारणों की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।