Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-04

Jharkhand News: संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर BJP का “समरसता संकल्प अभियान” शुरू, 30 जिलों के लिए रवाना किए गए पवित्र कलश

Jharkhand News: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर झारखंड भाजपा ने मंगलवार को रांची के डिबडीह स्थित कार्निवल बैंक्वेट हॉल में प्रदेश स्तरीय समरसता संकल्प एवं कलश वंदन अभियान की शुरुआत की. इस अभियान के तहत गुरु रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी से भरे कलश राज्य के सभी 30 संगठनात्मक जिलों के लिए रवाना किए गए.

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू संसद सत्र के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके. उनका लिखित संदेश पढ़कर सुनाया गया, जिसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कलश को पूरी श्रद्धा के साथ जिले, मंडल, शक्ति केंद्र और गांव-गांव तक पहुंचाया जाए, ताकि गुरु रविदास के समरसता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके.

समाज को जोड़ने का संदेश
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि देश को जाति, भाषा और धर्म के आधार पर बांटने की कोशिशों का जवाब सामाजिक समरसता से दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा उन सभी महापुरुषों का सम्मान करती है, जिन्होंने समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया है. उनके अनुसार, कलश वंदन अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास के सामाजिक समानता और जनजागरण के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाना है.

बाबूलाल मरांडी बोले- समाज को जोड़ना हमारी जिम्मेदारी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज कुछ ताकतें समाज को बांटने का प्रयास कर रही हैं, ऐसे समय में सभी को एकजुट करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति "वसुधैव कुटुंबकम्" और "सर्वे सन्तु सुखिनः" जैसे मूल मंत्रों पर आधारित है, इसलिए समाज में किसी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता.

अर्जुन मुंडा ने बताया पुनर्जागरण का दौर
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारत संतों और ऋषियों की परंपरा वाला देश है, जिन्होंने समय-समय पर समाज को नई दिशा दी. उन्होंने कहा कि गुरु रविदास ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया, जिसे आज भी अपनाने की आवश्यकता है.

मधु कोड़ा ने बताया सामाजिक एकता का अभियान
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि गुरु रविदास ने समाज में फैली वैचारिक विकृतियों को दूर करने और मानवता के आधार पर लोगों को जोड़ने का संदेश दिया था. उन्होंने कहा कि कलश वंदन अभियान के माध्यम से उनके विचारों को राज्य के अंतिम गांव तक पहुंचाया जाएगा.

संगठन महामंत्री ने बताया अभियान का उद्देश्य
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि गुरु रविदास जैसे महापुरुषों के विचारों को घर-घर तक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि उनकी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से जुड़े कलशों को मंदिरों और गांवों तक ले जाकर सामाजिक समरसता का संदेश फैलाया जाएगा.



कार्यक्रम में अभयकांत प्रसाद, दिनेशानंद गोस्वामी, दीपक प्रकाश, राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, मुख्य ग्रंथी विक्रम सिंह, पद्मश्री महावीर नायक, स्वामी ज्ञान जी महाराज, किशुन दास, अमर कुमार बाउरी समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास ने की, जबकि मंच संचालन प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने किया.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !