Bihar News : बिहार में भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और अन्य छात्र मुद्दों को लेकर मंगलवार को राजधानी पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले प्रदर्शनकारियों ने जेपी गोलंबर के पास लगी बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई।
एनएसयूआई के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस और विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पुलिस ने पहले जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन छात्र बैरिकेड तोड़ते हुए इनकम टैक्स गोलंबर तक पहुंच गए।
वाटर कैनन का इस्तेमाल, पांच मांगों को लेकर सड़क पर उतरे छात्र
इनकम टैक्स गोलंबर पर भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। प्रदर्शनकारियों के उग्र होने पर पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की भी सूचना है।
प्रदर्शनकारी अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इनमें भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, रोजगार के अवसर बढ़ाने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को दूर करने तथा छात्र आंदोलनों के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के मामलों पर कार्रवाई की मांग शामिल है।