Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती में रविवार रात हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल युवक आफताब की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) से बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, आफताब के पेट, पीठ और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगी हैं. बताया जा रहा है कि 5 गोलियां आफताब को लगी, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
घटनास्थल से 13 खोखे और जिंदा कारतूस बरामद, 6 हमलावरों ने दिया था वारदात को अंजाम
वारदात की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस और जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से 13 खोखे और एक जिंदा कारतूस जब्त किया है, जिससे मौके पर कई राउंड अंधाधुंध फायरिंग होने की पुष्टि होती है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे छह हमलावरों ने आफताब पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि हमलावरों में इलाके के ही शहबाज मोनू, उदय महतो और अयान शामिल थे, हालांकि पुलिस ने अभी इन नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
इलाके में चर्चा है कि यह जानलेवा हमला ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार और वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम हो सकता है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि घटना से ठीक एक दिन पहले बस्ती में नशा मुक्ति व ब्राउन शुगर के खिलाफ अभियान चलाया गया था, जिसके प्रतिशोध में नशा कारोबारियों ने इस घटना को अंजाम दिया. हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से नशा विरोधी अभियान और गोलीबारी के बीच सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
बर्मामाइंस थाना पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए हैं और संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. जल्द ही गोलीबारी की वास्तविक वजह का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.