Jamshedpur: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित बारीडीह बस्ती में रविवार को पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। टाटा स्टील में कार्यरत 45 वर्षीय राजेन पांडे पर उनके साले ने धारदार चापड़ से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी किसी बात को लेकर राजेन पांडे के घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने चापड़ निकालकर राजेन पांडे के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राजेन मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
एमजीएम से टीएमएच किया गया रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले से पारिवारिक विवाद चल रहा था। अधिकारियों का कहना है कि घायल का बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।