Anil Ambani CBI FIR: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के 1,816.22 करोड़ रुपये के कथित निवेश घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने रिलायंस कैपिटल लिमिटेड, उसके पूर्व चेयरमैन अनिल अंबानी, कुछ अज्ञात सरकारी अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. मामला कथित धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, विश्वासघात और भ्रष्टाचार से जुड़ा बताया गया है.
2,500 करोड़ रुपये के निवेश की हो रही जांच
सीबीआई के मुताबिक, साल 2013 और 2014 में रिलायंस कैपिटल ने सिक्योर्ड नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCD) जारी किए थे. इनमें EPFO ने चार पोर्टफोलियो मैनेजरों के जरिए करीब 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया था. इन डिबेंचर्स की मेच्योरिटी 2023 और 2024 में पूरी होनी थी, लेकिन तय समय पर निवेश की रकम वापस नहीं मिली. इसी के बाद पूरे मामले की जांच शुरू हुई.
1,816 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा
सीबीआई का कहना है कि निवेश की गई रकम का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया गया और उसे दूसरी जगह भेज दिया गया. इसके कारण डिबेंचर्स का भुगतान नहीं हो सका. जांच एजेंसी के अनुसार, इस मामले में EPFO को 1,007.55 करोड़ रुपये का सीधा नुकसान हुआ, जबकि 808.67 करोड़ रुपये ब्याज के रूप में देनदारी बनी. कुल कथित नुकसान 1,816.22 करोड़ रुपये बताया गया है.
पैसा कहां गया, इसकी होगी जांच
सीबीआई अब यह पता लगाएगी कि निवेश की गई रकम का इस्तेमाल कहां और कैसे किया गया. एजेंसी बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच करेगी. साथ ही इस मामले में सरकारी अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी.
EPFO की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
यह मामला EPFO की लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है. एफआईआर में रिलायंस कैपिटल, अनिल अंबानी, अज्ञात सरकारी अधिकारी और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.
पहले भी दर्ज हो चुकी हैं कई FIR
सीबीआई ने बताया कि इससे पहले भी रिलायंस एडीए समूह की कई कंपनियों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. इनमें रिलायंस कम्युनिकेशंस, रिलायंस होम फाइनेंस, रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस और रिलायंस टेलीकॉम शामिल हैं.
एजेंसी अब तक इन मामलों में चार चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और सात लोगों को गिरफ्तार भी किया है. सीबीआई का कहना है कि नए मामले की भी सभी पहलुओं से जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.