Para Athletics India: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के पैरा एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया है. पुरुषों की शॉट पुट F57 स्पर्धा में सोमन राणा ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि शुभम जुयाल ने रजत पदक अपने नाम किया. इस मुकाबले में भारत ने पहली बार एक साथ गोल्ड और सिल्वर दोनों मेडल जीते.
सोमन के दूसरे थ्रो ने दिलाया गोल्ड
सोमन राणा ने अपने दूसरे प्रयास में 13.40 मीटर का थ्रो किया, जो पूरे मुकाबले का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा. इसी थ्रो की बदौलत उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. शुभम जुयाल ने भी शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने अपने आखिरी प्रयास में 13.28 मीटर का थ्रो किया और सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहे.
भारत ने रचा नया इतिहास
यह कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की शॉट पुट F57 स्पर्धा में भारत का पहला स्वर्ण पदक है. यही नहीं, इस स्पर्धा में पहली बार भारत के दो खिलाड़ियों ने एक साथ पोडियम पर जगह बनाई है. इन दो पदकों के साथ ग्लासगो 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 30 पहुंच गई.
बॉक्सर से पैरा एथलीट बनने तक का सफर
सोमन राणा पहले राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर थे. साल 2005 की राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था. वह भारतीय सेना की 2/8 गोरखा राइफल्स में सिपाही भी रहे हैं. साल 2006 में पुंछ सेक्टर में लैंडमाइन विस्फोट में उन्होंने अपना दाहिना पैर खो दिया. इस हादसे के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई.
हार नहीं मानी, फिर बनाया नया मुकाम
सोमन राणा ने साल 2017 में पैरा एथलेटिक्स की शुरुआत की. सेना के पैरालंपिक नोड में कृत्रिम पैर लगवाने के दौरान उन्होंने इस खेल को अपनाया. इसके बाद उन्होंने लगातार मेहनत की. पिछले साल विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता. एशियन पैरा गेम्स में रजत पदक हासिल किया और अब कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गोल्ड जीतकर देश का नाम रोशन किया.