Bihar News : बिहार के सासाराम जिले के चेनारी थाना क्षेत्र स्थित नारायणा गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बुजुर्ग ने अपने ही पोते को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दादा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान मृत्युंजय सिंह के रूप में हुई है। उसे पहले चेनारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दादा इंद्रदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, एक राइफल, 10 जिंदा कारतूस, कई छर्रे और एक खोखा बरामद किया गया।
घटना की जांच जारी, हाल के दिनों में पारिवारिक गोलीबारी की दूसरी वारदात
विप्लव कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी सासाराम के बड्डी थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में एक पिता द्वारा अपने पुत्र को गोली मारने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद पारिवारिक विवादों के हिंसक रूप लेने को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।