Bihar News: बिहार के औरंगाबाद जिले की रहने वाली 22 वर्षीय नेहा कुमारी का शव शनिवार सुबह झारखंड के कोडरमा जिले में रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। धनबाद-गया रेलखंड के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित टीनवाटांड के पास ट्रैक की निगरानी कर रहे रेलवे कर्मियों ने महिला का शव देखा और इसकी सूचना आरपीएफ को दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
बैग में मिले दस्तावेजों से हुई पहचान, ट्रेन से गिरने की आशंका
घटनास्थल से मिले एक बैग में आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, स्कूल के विद्यार्थियों की मार्कशीट और अन्य जरूरी कागजात मिले। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान नेहा कुमारी, पिता संजय कुमार सिन्हा, निवासी मनहार (औरंगाबाद) के रूप में हुई। शुरुआती जांच में आरपीएफ ने आशंका जताई है कि चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मौत हुई होगी, हालांकि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
स्कूल से लौटने के बाद ट्यूशन पढ़ने गई थी नेहा
परिजनों के अनुसार, नेहा दाउदनगर स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। उनकी बहन लवली सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार को स्कूल की ड्यूटी पूरी करने के बाद नेहा रोज की तरह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए निकली थीं। सामान्यतः वह शाम तक घर लौट आती थीं, लेकिन उस दिन काफी देर तक वापस नहीं पहुंचीं। कई बार फोन करने और संदेश भेजने के बावजूद उनसे संपर्क नहीं हो सका। रात करीब आठ बजे उनका मोबाइल भी बंद हो गया, जिसके बाद परिवार ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
शनिवार को कोडरमा से शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस और आरपीएफ संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।