Ranchi Kidnapping Case: राजधानी रांची में बिग बास्केट ऑफिस से अपहरण और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले का डोरंडा पुलिस ने महज दो घंटे में खुलासा कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया और इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से अपहरण में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है.
फोन कर मांगी 10 लाख की फिरौती, हत्या की दी धमकी
डोरंडा थाना क्षेत्र के गौरी शंकर नगर, राम मंदिर के पास रहने वाले महेंद्र दुबे ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि 22 जुलाई की रात करीब 10:11 बजे उनकी पत्नी के मोबाइल पर फोन आया और कॉल करने वाले ने बताया कि अमन का बिग बास्केट ऑफिस से अपहरण कर लिया गया है.
आरोपियों ने अमन को छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी. साथ ही चेतावनी दी कि यदि रुपये नहीं दिए गए तो उसकी हत्या कर दी जाएगी. इसके बाद परिवार ने तत्काल डोरंडा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
मोबाइल लोकेशन से पुलिस ने दबोचे आरोपी
शिकायत मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस हरकत में आ गई. थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों का पीछा शुरू किया. आरोपी स्कॉर्पियो से लगातार अपनी लोकेशन बदलते रहे, लेकिन पुलिस ने रिंग रोड के पास उन्हें घेरकर पकड़ लिया.
कार्रवाई के दौरान अपहृत अमन को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. पुलिस ने मौके से आयुष, शुभम और यर्थाथ को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
पहले भी जेल जा चुके हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपी पहले भी मारपीट और जानलेवा हमले जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा अपहरण की साजिश कब और कैसे रची गई.
एफआईआर में इन लोगों के नाम
महेंद्र दुबे ने प्राथमिकी में आयुष, शुभम, यर्थाथ, प्रिन्स और चार अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है. पुलिस सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.