Giridih News: गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के अटका स्थित लच्छीबागी के पास जीटी रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल बाइक सवार दंपति में से पति ईश्वर महतो की इलाज के दौरान रास्ते में मौत हो गई। उनकी पत्नी इंद्री देवी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज रांची के वेदांता अस्पताल में चल रहा है।
तेज रफ्तार कार की टक्कर में दंपति घायल
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने दंपति की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पहले बगोदर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।
रांची ले जाने के दौरान ईश्वर महतो ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि इंद्री देवी को वेदांता अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद यातायात बाधित
हादसे के बाद कुछ देर के लिए जीटी रोड पर यातायात प्रभावित रहा। बगोदर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क पार करने के दौरान लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस चालक की पहचान कर मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।