Jamshedpur: गोलमुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्थानीय सब्जी बाजार में शनिवार देर शाम हथियारों से लैस बदमाशों ने जमकर उत्पाद मचाया। यहां व्यापारियों में खौफ पैदा करने के इरादे से बदमाशों ने सरेआम हवाई फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस पूरी वारदात के पीछे एक लाख रुपये की अवैध रंगदारी वसूलने का विवाद सामने आ रहा है।
बाजार में मची भगदड़
चश्मदीदों के अनुसार, शनिवार की शाम जब बाजार में काफी चहल-पहल थी, तभी कुछ असामाजिक तत्व वहां आ धमके। उन्होंने एक कारोबारी से मोटी रकम की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। विरोध बढ़ता देख दहशत फैलाने के उद्देश्य से बदमाशों ने हवा में गोली चला दी। फायरिंग की आवाज गूंजते ही बाजार में भगदड़ मच गई। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खुली छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर भागे, वहीं खरीदारी करने आए ग्राहकों में भी डर का माहौल बन गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे बाजार क्षेत्र को घेरकर अपनी तफ्तीश शुरू की। पुलिस की तकनीकी सेल घटनास्थल और उसके आस-पास की दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उनके रूट का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही पुलिस ने मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित दुकानदारों से भी पूरी घटना की जानकारी ली है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक रंगदारी के इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि वे हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।