Ranchi Kidnapping Case: राजधानी रांची में पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण का मामला रांची पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझा लिया. दलादली टीओपी, नगड़ी थाना क्षेत्र के सपारोम से अगवा की गई बच्ची को बिहार के गया से सकुशल बरामद किया गया है. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को बच्ची के अपहरण की सूचना मिलने के बाद नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी शाखा और गया पुलिस की मदद से 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई. आखिरकार गया जंक्शन के पास एक होटल से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. कार्रवाई के दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए.
3 लाख की फिरौती मांगी, नहीं देने पर हत्या की धमकी
पूछताछ में मुख्य आरोपी रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि वह पीड़ित परिवार के घर के पास किराये पर रहता था. पैसों के लालच में उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ गया ले गया. इसके बाद परिजनों से 3 लाख रुपये की फिरौती मांगी और रकम नहीं मिलने पर बच्ची की हत्या करने की धमकी दी.
जांच में सामने आया कि आरोपी के दो साथी सचिन कुमार और मोनु कुमार ने बच्ची को छिपाने और फिरौती की रकम वसूलने में उसका साथ दिया. आरोपियों ने परिजनों को डराकर ऑनलाइन माध्यम से 5 हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए थे.
मां को सौंपी गई बच्ची
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बच्ची को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.