Jamshedpur: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत बालिगुमा गाजाडीह में कचरा डंपिंग यार्ड बनाने की तैयारी को लेकर स्थानीय निवासियों ने विरोध शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि डंपिंग यार्ड निर्माण के लिए जमीन की मापी की गई थी, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों ने इसका विरोध किया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इससे पहले भी उन्होंने डंपिंग यार्ड ना बनाने के विरोध में उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा था। ग्रामीणों के अनुसार, उस समय उन्हें आश्वासन दिया गया था कि यहां कचरा डंपिंग यार्ड नहीं बनाया जाएगा।
घरों में नोटिस मिलने के बाद बढ़ा विरोध
निवासियों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद अब इलाके के लोगों के घरों में नोटिस दिया जा रहा है। नोटिस मिलने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और सभी इसका विरोध कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि डंपिंग यार्ड बनने से आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस योजना पर दोबारा विचार किया जाए।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर क्षेत्र में डंपिंग यार्ड नहीं बनने देंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर उनकी मांगों पर उचित निर्णय लेने की अपील की है। वहीं, इस मामले में प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।