Gumla News: गुमला जिले के घाघरा प्रखंड मुख्यालय स्थित महदनिया टोला में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बड़े भाई सुरेंद्र उरांव ने टांगी से हमला कर अपने छोटे भाई 35 वर्षीय तिवारी उरांव की हत्या कर दी। घटना गुरुवार शाम की है। सूचना मिलने पर घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पत्नी से विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई पर टांगी से हमला
मृतक की पुत्री अनीशा ने बताया कि उसके बड़े पिता सुरेंद्र उरांव का उनकी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान सुरेंद्र ने पत्नी के साथ मारपीट की और रसोई में जाकर गैस का पाइप खोलकर गैस चालू कर दी। इसी दौरान शोर सुनकर तिवारी उरांव बीच-बचाव करने पहुंचे।
टांगी के वार से गंभीर घायल युवक ने रिम्स ले जाते समय तोड़ा दम
आरोप है कि गुस्से में सुरेंद्र उरांव ने टांगी उठाकर तिवारी उरांव के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया। सदर अस्पताल से उन्हें रिम्स भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना देर शाम घाघरा पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी सुरेंद्र उरांव फरार है। हालांकि, पुलिस ने मामले में फिलहाल आधिकारिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।