जमशेदपुर स्थित एक्सएलआरआइ - जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और अग्रणी वैश्विक पेशेवर सेवा कंपनी एक्सेंचर के बीच एक महत्वपूर्ण सहयोग ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह करार एक्सेंचर के प्रतिनिधियों की एक्सएलआरआइ परिसर यात्रा के दौरान संपन्न हुआ, जिससे दोनों संगठनों के बीच वर्षों से चले आ रहे रिश्तों को एक नई दिशा मिली है।
इस दीर्घकालिक औद्योगिक-शैक्षणिक गठबंधन का उद्देश्य ज्ञान और कौशल के क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है। एमओयू पर हस्ताक्षर समारोह में एक्सएलआरआइ की ओर से निदेशक फादर एस. जॉर्ज, प्रो. कनगराज ए (प्लेसमेंट एवं वित्त), डीन एकेडमिक प्रो. संजय पात्रो, प्रो. सुनील सारंगी सहित अन्य वरिष्ठ फैकल्टी सदस्य मौजूद थे। वहीं, एक्सेंचर की ओर से सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीएचआरओ लक्ष्मी चंद्रशेखरन तथा स्ट्रैटेजी एंड कंसल्टिंग ग्लोबल नेटवर्क के इंडिया प्रमुख सुरेश नंदुरु उपस्थित थे।

इस साझेदारी की पहल प्रो. कनगराज ए द्वारा की गई, जबकि इसे लागू करने और समन्वय की जिम्मेदारी रजनी रंजन (वाइस प्रेसिडेंट एवं हेड, प्लेसमेंट) ने निभाई। एमओयू के तहत प्रमुख सहयोग क्षेत्रों में शामिल हैं:
- छात्रों के लिए इंटर्नशिप, समर प्लेसमेंट, लाइव प्रोजेक्ट्स और पीपीओ जैसे करियर अवसर
- संयुक्त शोध, केस स्टडी निर्माण और ज्ञान साझाकरण
- अतिथि व्याख्यान, कार्यशालाएं और फैकल्टी सहभागिता
- कार्यकारी शिक्षा, नेतृत्व विकास कार्यक्रम
- सीएक्सओ संवाद, कॉन्क्लेव और राउंडटेबल्स के माध्यम से विचार नेतृत्व
- नवाचार और सतत विकास से जुड़े साझा प्रयास
समझौते के बाद टाटा ऑडिटोरियम में एक विशेष लीडरशिप टॉक का आयोजन हुआ, जिसमें बीएम, एचआरएम, और जीएपी प्रोग्राम के 1000 से अधिक छात्र, शिक्षक और स्टाफ ने भाग लिया। इस मौके पर लक्ष्मी चंद्रशेखरन और सुरेश नंदुरु ने “लीडरशिप इन ए डायनामिक एंड एआई-ड्रिवन वर्ल्ड” विषय पर अपने विचार साझा किए।
उन्होंने आधुनिक नेतृत्व की चुनौतियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यवसायिक और मानव संसाधन पर पड़ने वाले प्रभाव, कंसल्टिंग तथा डिजिटल बदलाव की दिशा, करियर विकास, नेतृत्व मूल्यों और उद्देश्य आधारित नेतृत्व की अहमियत पर प्रकाश डाला।
यह संवाद छात्रों के लिए उद्योग की जरूरतों और नेतृत्व के यथार्थ पक्षों को समझने का एक अनूठा अवसर बना।