IRCTC New Website: भारतीय रेलवे ने करोड़ों यात्रियों को बेहतर ऑनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आईआरसीटीसी (IRCTC) ने अपनी नई बीटा वेबसाइट लॉन्च कर दी है। फिलहाल इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है, ताकि यात्री नए फीचर्स का इस्तेमाल कर अपने सुझाव दे सकें। इस वेबसाइट का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पहले से अधिक आसान, तेज और यूजर-फ्रेंडली बनाना है।
छात्रों के सुझाव पर तैयार हुआ नया प्लेटफॉर्म
रेल मंत्री द्वारा छात्रों से किए गए वादे के अनुरूप इस नई वेबसाइट को तैयार किया गया है। इसके लिए मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के छात्रों के सुझावों को शामिल किया गया है। साल 2002 में शुरू हुई IRCTC वेबसाइट पर वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख टिकट बुक किए जाते हैं। नए पोर्टल में इंटरफेस, नेविगेशन और टिकट बुकिंग प्रक्रिया को आधुनिक बनाया गया है।
कैप्चा से राहत, सीट उपलब्धता और बुकिंग हुई आसान
नई वेबसाइट में अनावश्यक कैप्चा, बार-बार आने वाले पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स को हटा दिया गया है। अब सभी श्रेणियों की सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिससे बार-बार विकल्प बदलने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही टिकट बुकिंग और भुगतान की प्रक्रिया को भी तेज बनाने के लिए कई अतिरिक्त चरण कम कर दिए गए हैं।
सेव्ड पैसेंजर डिटेल्स से बचेगा समय
IRCTC की नई वेबसाइट में Saved Passenger Details का फीचर जोड़ा गया है। इससे नियमित यात्रियों को हर बार नाम, उम्र और अन्य जानकारी दोबारा भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह सुविधा टिकट बुकिंग को अधिक सुविधाजनक और समय बचाने वाली बनाएगी।
फीडबैक के बाद होंगे और बदलाव, जल्द आएगा नया PRS
आईआरसीटीसी ने बताया कि फिलहाल वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च किया गया है और यात्रियों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर इसमें आगे सुधार किए जाएंगे। इसके बाद इसे रेलवे के नए Passenger Reservation System (PRS) से जोड़ा जाएगा। रेलवे का दावा है कि नया रिजर्वेशन इंजन शुरू होने के बाद टिकट बुकिंग पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद होगी तथा कुछ ही सप्ताह में नया IRCTC पोर्टल सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।