Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ की प्रबंधन समिति की चौथी बैठक रविवार को संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा की अध्यक्षता में बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम स्थित एसआर रुंगटा पैविलियन में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से सितंबर के तीसरे सप्ताह में आईपीएल और झारखंड टी-20 लीग की तर्ज पर पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग आयोजित करने का फैसला लिया गया। प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन के लिए संघ जल्द ही स्टेक स्पोर्ट्स जी के साथ करार करेगा, जबकि कंपनी के प्रतिनिधियों ने बैठक में लीग का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन भी दिया।
10 दिन में 18 मैच, शीर्ष चार टीमें खेलेंगी सेमीफाइनल
संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाली इस लीग में कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। सभी छह टीमें ओपन लीग प्रारूप में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। 15 लीग मैचों के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी, जिसके बाद विजेता टीम का फैसला फाइनल मुकाबले में होगा।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
महासचिव ने बताया कि प्रतियोगिता में केवल पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ से निबंधित खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे। हालांकि, प्रतियोगिता को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए झारखंड के कुछ नामी खिलाड़ियों को आइकॉनिक खिलाड़ी के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। इससे जिले के युवा खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ खेलने और सीखने का अवसर मिलेगा।
टीमों की होगी बिडिंग, खिलाड़ियों की नीलामी का होगा लाइव प्रसारण
लीग में शामिल छह फ्रेंचाइजी टीमों की बिडिंग के बाद खिलाड़ियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसका सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। जिला क्रिकेट संघ ने बताया कि इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के साथ औपचारिक समझौता होने के बाद लीग के कार्यक्रम, टीमों और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।