Ramgarh News : झारखंड प्रदेश युवा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की युवा संवाद चौपाल यात्रा के सफल समापन के बाद रविवार को रजरप्पा स्थित सीसीएल गेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में यात्रा की उपलब्धियों, संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव ने कहा कि युवा संवाद चौपाल यात्रा के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में युवाओं से सीधा संवाद स्थापित हुआ। इस दौरान रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन, खेल, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि इन सुझावों को संगठन की आगामी कार्ययोजना में शामिल कर युवाओं के अधिकारों और जनसरोकारों के मुद्दों पर संघर्ष को और मजबूत किया जाएगा।
प्रदेश राजद उपाध्यक्ष श्यामदास सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और अनुशासन पर निर्भर करती है। वहीं प्रदेश राजद उपाध्यक्ष अनीता यादव ने कहा कि युवा संवाद चौपाल यात्रा ने युवाओं और संगठन के बीच मजबूत संवाद स्थापित किया है, जिसे अब संगठनात्मक शक्ति में बदलने की जरूरत है।
पंचायत से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प
प्रदेश महासचिव विजय राम ने कहा कि युवा राष्ट्रीय जनता दल आने वाले दिनों में जनहित के मुद्दों पर और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा तथा पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का अभियान तेज करेगा। बैठक में अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने, संगठन के विस्तार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से संघर्ष करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का संचालन क्षितिज मिश्रा ने किया। बैठक में संतोष यादव, गुलशन खातून, कमलेश यादव, धर्मेंद्र सिंह, मंतोष यादव, रवि जायसवाल, ललन यादव, सुधीर कुमार, लाल बाबू रजक, केदार यादव, कमलेश सिंह, आनंद गोप, अभिराज राय, किशोर यादव, विमलेश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा साथी उपस्थित रहे।