Iran Hit List: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद देश में तनाव और गुस्सा लगातार बढ़ता दिख रहा है. इसी बीच ईरान के एक सरकारी अखबार में प्रकाशित एक कथित सूची ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई बहस छेड़ दी है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस सूची में दुनिया के 11 प्रमुख नेताओं की तस्वीरें प्रकाशित की गई हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के सरकारी अखबार हमशहरी के पहले पन्ने पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई वैश्विक नेताओं की तस्वीरें प्रकाशित की गई हैं. इन तस्वीरों में नेताओं को कैदियों जैसी पोशाक में दिखाया गया है और उनके साथ कड़े संदेश भी प्रकाशित किए गए हैं.
इन नेताओं के नाम बताए जा रहे शामिल
वायरल सूची में बेंजामिन नेतन्याहू और डोनाल्ड ट्रंप के अलावा ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ समेत अन्य नेताओं के नाम बताए जा रहे हैं.
यूरोपीय देशों पर भी लगाए आरोप
अखबार में प्रकाशित सामग्री में इन देशों के शीर्ष नेतृत्व पर आरोप लगाए गए हैं कि उनकी नीतियों और फैसलों के कारण मौजूदा हालात बने. ईरान ने यूरोपीय देशों पर यह भी आरोप लगाया है कि उन्होंने संघर्ष के दौरान उसके खिलाफ हुए हमलों की निंदा नहीं की और कुछ देशों ने कथित तौर पर अमेरिकी सैन्य विमानों को अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की अनुमति देकर अप्रत्यक्ष सहयोग किया.
आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं
हालांकि, इस कथित सूची के प्रकाशित होने के बाद भी ईरान की सरकार या सुरक्षा एजेंसियों की ओर से किसी आधिकारिक कार्रवाई या ऐसे किसी अभियान की पुष्टि नहीं की गई है. फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है.