Dhanbad News: धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दिनदहाड़े 3.20 लाख रुपये की चोरी की वारदात ग्रामीणों की सतर्कता से नाकाम हो गई। स्कॉर्पियो सवार चार अपराधियों ने पिकअप चालक का पीछा कर होटल के पास वाहन का लॉक पुरानी चाबी से खोलकर नकदी चुरा ली और फरार हो गए। चालक के शोर मचाते ही ग्रामीणों ने उनका पीछा शुरू कर दिया।
होटल के पास पिकअप का लॉक खोलकर 3.20 लाख रुपये लेकर फरार हुए बदमाश
घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। सब्जी व्यवसाय से जुड़े पिकअप चालक का चौपारण से ही अपराधी पीछा कर रहे थे। तोपचांची के साहूबहियार स्थित एक होटल के पास चालक के रुकते ही बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से पिकअप का दरवाजा खोलकर उसमें रखे 3.20 लाख रुपये निकाल लिए और स्कॉर्पियो से भाग निकले।
ग्रामीणों की सतर्कता से तीन गिरफ्तार
ग्रामीणों ने लेदाटांड़ के पास स्कॉर्पियो को घेर लिया और तीन आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी भागने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची तोपचांची थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
रविवार को बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की पूरी 3.20 लाख रुपये की राशि, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, चार मोबाइल फोन और पिकअप का लॉक खोलने में इस्तेमाल पुरानी चाबी का गुच्छा बरामद किया गया है। तोपचांची थाना कांड संख्या 72/2026 के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।