Jamshedpur: जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के मानगो चेपा पुल स्थित एक रेस्टोरेंट में कैंपा कोल्ड ड्रिंक की सप्लाई को लेकर होटल संचालक और सप्लायर के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
होटल संचालक ने लगाया दबाव बनाने का आरोप
रेस्टोरेंट संचालक का कहना है कि वह ग्राहकों की मांग और बिक्री के अनुसार ही कैंपा कंपनी के उत्पाद मंगाते हैं। उनका आरोप है कि सप्लायर कंपनी के रेफ्रिजरेटर का हवाला देकर अधिक मात्रा में कोल्ड ड्रिंक रखने और बेचने का दबाव बना रहा था। संचालक के अनुसार, कैंपा के उत्पादों की बिक्री सीमित होने के कारण अधिक स्टॉक रखने से नुकसान होता है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ।
सप्लायर ने बकाया भुगतान और नियमों का दिया हवाला
वहीं सप्लायर पक्ष का कहना है कि वे रेस्टोरेंट से बकाया राशि लेने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि बातचीत के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और हाथापाई की गई। सप्लायर का यह भी दावा है कि रेस्टोरेंट में कंपनी का रेफ्रिजरेटर लगाया गया है, इसलिए उसमें केवल कैंपा कंपनी के उत्पाद ही रखे और बेचे जाने चाहिए। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने मामले की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।