Chutupalu Valley Accidents (Sandhya Kumari): जिंदगी मौत ना बन जाए संभालो यारों “सरफरोश” फिल्म का यह गीत जब भी कानों में पड़ता है, तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं। लेकिन झारखंड की खूबसूरत वादियों के बीच से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-33 (NH-33) की चुट्टूपालू घाटी पर सफर करने वाले हर मुसाफिर के जेहन में यह गाना किसी खौफनाक हकीकत की तरह गूंजता है। जो घाटी अपनी अद्भुत प्राकृतिक खूबसूरती, घुमावदार रास्तों और हरियाली के लिए पर्यटकों को आकर्षित करती थी, आज वह हादसों की अंधी सुरंग और मौत के ब्लैक स्पॉट के रूप में बदनाम हो चुकी है। इस रास्ते पर सफर करने का मतलब है हथेली पर जान लेकर चलना।
बीते एक महीने यानी 1 जून 2026 से 12 जुलाई 2026 के मीडिया रिकॉर्ड्स पर नजर डालें, तो, इन 42 दिनों के भीतर घाटी की खूनी ढलान पर न जाने कितनी ही गाड़ियों के परखच्चे उड़े, कितनों के सुहाग उजड़े और न जाने कितने ही घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए हो। यह घाटी अब सिर्फ रांची और रामगढ़ को जोड़ने वाला एक रास्ता नहीं रह गई है, यह एक ऐसा जानलेवा मोड़ बन चुकी है जहां जिंदगी और मौत के बीच महज कुछ सेकंड और एक कमजोर ब्रेक का फासला रह गया है।
तारीख-दर-तारीख इस खूनी ढलान के सच को खंगालें तो जून के पहले ही दिन एक अनियंत्रित ट्रक और पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई थी, जिसमें भारी वाहन के नियंत्रण खोने, घाटी की तीव्र ढलान और बेकाबू रफ्तार के कारण कई बेकसूर लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद भी पूरा जून के महीने में यहां छोटे-बड़े हादसे होते रहे हैं. जहां तेज रफ्तार, तीखे अंधे मोड़, भारी वाहनों का अत्यधिक दबाव और ट्रैफिक नियमों की सरेआम अनदेखी हर रोज दुर्घटनाओं को न्योता देती रही।
जुलाई की शुरुआत तो एक ऐसी तबाही के साथ हुई जिसने पूरे सूबे को हिलाकर रख दिया, जब 1 जुलाई को रांची की ओर से आ रहे एक भारी-भरकम ट्रेलर का अचानक ढलान पर ब्रेक फेल हो गया और वह अनियंत्रित काल बनकर सामने आ रही गाड़ियों पर टूट पड़ा। देखते ही देखते बस, कार और मोटरसाइकिल सहित करीब 10-12 वाहन इसकी चपेट में आकर ताश के पत्तों की तरह बिखरे और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस लगातार होती सामूहिक मौतों के बाद जुलाई के पहले सप्ताह में प्रशासन की नींद टूटी और जिला प्रशासन, पुलिस व NHAI की टीम ने संयुक्त रूप से घाटी का निरीक्षण किया, जिसमें खतरनाक ब्लैक स्पॉट, बहुत खराब ट्रैफिक मैनेजमेंट, तीव्र ढलान और भारी वाहनों पर नियंत्रण न होने जैसी वही पुरानी गंभीर समस्याएं सामने आईं। इसके बाद जुलाई के मध्य तक दुर्घटनाओं को रोकने के नाम पर भारी वाहनों के खिलाफ एक विशेष जांच अभियान शुरू किया गया, जिसके तहत ओवरलोडिंग, ड्राइवरों की लापरवाही, शराब का सेवन और वाहनों की फिटनेस की जांच की जा रही है।
कहते हैं कि सावधानी हटी, दुर्घटना घटी, लेकिन चुट्टूपालू घाटी की भौगोलिक बनावट और सिस्टम की नाकामी ऐसी है कि यहां मुसाफिर चाहे जितनी भी सावधानी बरत ले, वह बेबस हो जाता है। यहां हादसों का सबसे बड़ा कारण लगभग 5 किलोमीटर के इस संवेदनशील हिस्से की खतरनाक ढलान और तीखे मोड़ हैं, जहां रांची-रामगढ़ रूट पर 24 घंटे ट्रक, ट्रेलर, कंटेनर और भारी डंपरों का अत्यधिक दबाव रहता है।
भारी वाहन जब ऊपर से नीचे उतरते हैं, तो गति को नियंत्रित करने के लिए लगातार ब्रेक का इस्तेमाल करना पड़ता है, जिससे ब्रेक ड्रम गर्म होकर जल जाते हैं और अचानक ब्रेक काम करना बंद कर देते हैं। 1 जुलाई के बड़े हादसे ने यह साफ कर दिया कि जब ढलान पर गाड़ियों के ब्रेक फेल होते हैं, तो रफ्तार बेकाबू हो जाती है और गाड़ियां सीधे यमराज के द्वार पर जाकर ही रुकती हैं।
इसके साथ ही, पुराने और जर्जर भारी वाहनों की नियमित जांच न होना, खराब ब्रेक व घिसे हुए टायरों के साथ गाड़ियों का सड़कों पर दौड़ना और चालकों द्वारा घाटी जैसे संवेदनशील क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कर तेज रफ्तार से गाड़ी चलाना इस खूनी सिलसिले को और भयावह बना देता है। रही-सही कसर घाटी में पर्याप्त साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टिव बैरिकेडिंग, गति नियंत्रक और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर की भारी कमी पूरी कर देती है, जहां ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित तो किया जाता है लेकिन उनका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता।
अखबारों की सुर्खियों और टीवी स्क्रीन के लिए ये हादसे शायद सिर्फ एक और ब्रेकिंग न्यूज़ या सरकारी आंकड़े मात्र हो सकते हैं और प्रशासन के लिए सिर्फ एक और मुआवजा या फाइल का बोझ हो सकते हैं, लेकिन जरा ठहरकर सोचना होगा कि उन ठंडे पड़ चुके आंकड़ों के पीछे किसी बूढ़ी मां का इकलौता सहारा था, किसी अभागन पत्नी का उजाड़ सिंदूर था, और किसी मासूम बच्चे के सिर का वह साया था जो सुबह मुस्कुराते हुए घर से निकला था।
जाके पैर न फटी बिवाई, वो क्या जाने पीर पराई दर्द की इस भयानक शिद्दत को सिर्फ वही अभागा परिवार समझ सकता है जिसकी पूरी दुनिया इस घाटी के अंधे और खूनी मोड़ों पर हमेशा के लिए दफन हो गई। हर बड़े हादसे के बाद अफसर एसी गाड़ियों से उतरकर निरीक्षण करने पहुंचते हैं, समीक्षा बैठकें होती हैं, लेकिन नतीजा हमेशा ढाक के तीन पात तक ही रहता है।
केवल बोर्ड टांगने या कुछ दिनों का जांच अभियान चलाने के दिखावे से मौत का यह खूनी सिलसिला कभी नहीं थमेगा। अगर सच में इंसानों की जान की कोई कीमत है, तो प्रशासन को अब कागजी घोड़े दौड़ाने के बजाय कड़े और ठोस जमीनी फैसले लेने होंगे।
इसके तहत घाटी की शुरुआत में ही एक परमानेंट फिटनेस चेकपोस्ट बनाकर हर भारी वाहन के ब्रेक की अनिवार्य जांच की जाए, स्पीड गन से चौबीसों घंटे निगरानी हो और दुनिया भर के पहाड़ी रास्तों की तर्ज पर यहां भी एस्केप रैंप का तत्काल निर्माण किया जाए ताकि ब्रेक फेल होने वाले वाहनों को रेतीले ट्रैक पर सुरक्षित रोका जा सके।
सड़कें इंसानों को उनकी मंजिलों से मिलाने के लिए बनती हैं, उनकी जिंदगी छीनने के लिए नहीं। चुट्टूपालू घाटी से गुजरने वाले हर एक मुसाफिर का यह बुनियादी हक है कि वह सुरक्षित अपने घर पहुंचे, जहां कोई दरवाजे पर टकटकी लगाए उसका इंतजार कर रहा है।
हादसों के बाद मुआवजा बांटने से कई गुना बेहतर है कि हादसों के इन रास्तों को ही हमेशा के लिए सुरक्षित बना दिया जाए, क्योंकि घाटी के इस खूनी इतिहास को अब हर हाल में बदलना ही होगा, वरना न जाने कल इस ढलान पर बलि चढ़ने की अगली बारी किसकी होगी!