Jamshedpur News : गोलमुरी स्थित एनटीटीएफ (आर.डी. टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर) और टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नए विद्यार्थियों के लिए आयोजित 10 दिवसीय रोप-इन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को रंगारंग समापन हुआ। संस्थान के सभागार में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने योग, समूह पीटी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रिज किशोर सिंह, संस्थान की प्राचार्य प्रीता जॉन और उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अतिथियों का अभिनंदन किया।
व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व और टीम भावना पर रहा विशेष जोर
उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने बताया कि रोप-इन प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच और टीम भावना का विकास करना है। प्रशिक्षण के दौरान योग, शारीरिक प्रशिक्षण, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, मेमोरी तकनीक, टीम बिल्डिंग और रचनात्मक गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्य अतिथि ब्रिज किशोर सिंह ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए दलीय भावना, अनुशासन और समय के प्रति प्रतिबद्धता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर निरंतर सीखते रहने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और तकनीकी शिक्षा के साथ बेहतर व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान देने की सलाह दी।
प्राचार्य प्रीता जॉन ने कहा कि एनटीटीएफ का लक्ष्य उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल, अनुशासित और जिम्मेदार तकनीशियन तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ दैनिक डायरी के लिए रीमा कर्मकार और आर्या श्रीवास्तव, कोलाज प्रतियोगिता में राज नंदिनी, सपना सिंह और अवनीत संधू, सर्वश्रेष्ठ योग के लिए राज नंदिनी, सर्वश्रेष्ठ व्यायाम के लिए प्रिंस तिवारी तथा सर्वश्रेष्ठ अनुशासन के लिए करणदीप सिंह और साई पद्मा नंदा को पुरस्कार प्रदान किए गए। अंत में उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।