Jamshedpur Traffic Checking: जमशेदपुर में हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद शहर में कई मुख्य चौराहों पर बंद की गई ट्रैफिक चेकिंग शुक्रवार से दोबारा शुरू कर दी गई. बिष्टुपुर, साकची समेत शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस ने वाहन जांच अभियान शुरू किया है.
हिमांशु सिंह की हत्या और उसके साथी प्रत्युष सिंह पर जानलेवा हमले के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में आक्रोश था. घटना के बाद शहर के कई संवेदनशील और व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक चेकिंग नहीं हो रही थी.
हत्या के बाद बढ़ा था लोगों का आक्रोश
हिमांशु सिंह और उसके साथी प्रत्युष पर पुलिस के सामने हमला हुआ था. इलाज के दौरान हिमांशु की मौत हो गई, जबकि उनके साथी प्रत्युष सिंह अब भी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठे थे.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को शुरू हुई जांच के दौरान लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, दस्तावेज और अन्य ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करेगी. वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे.
शनिवार से बढ़ेगी सख्ती
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शनिवार से ट्रैफिक चेकिंग में सख्ती बढ़ाई जाएगी. नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी होगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें.