Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-10

Bihar News : सुपौल में 7 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या से दहला गांव, आरोपी गिरफ्तार; गुस्साए ग्रामीणों ने घर में लगाई आग

Bihar News : सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात सात वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परसरमा वार्ड संख्या-8 में हुई इस वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शंभू शाह अपनी सात वर्षीय पुत्री के साथ दूध लेकर घर लौट रहे थे। शंभू शाह आगे-आगे चल रहे थे, जबकि प्रीति उनके पीछे हाथ में दूध की बोतल लिए घर की ओर आ रही थी। इसी दौरान गांव के ही युवक राजू शाह ने अचानक बच्ची पर कुदाल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने इतने बेरहमी से वार किए कि बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद फूटा लोगों का गुस्सा, आरोपी के घर में आगजनी

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वारदात के बाद आरोपी अपने घर में जाकर छिप गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने उसके घर में आग लगा दी। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और आरोपी को सुरक्षित हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू की। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।


हत्या के कारणों की जांच जारी

सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !