Ranchi: आगामी जगन्नाथपुर मेला और रथ यात्रा के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर पुलिस मुख्यालय में महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक की अध्यक्षता में मंदिर समिति और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और बेहतर व्यवस्था को लेकर कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात होगी पर्याप्त पुलिस बल
बैठक में रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखने, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
ट्रैफिक, पार्किंग और आपदा प्रबंधन पर भी चर्चा
श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग और किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन और मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
महानिदेशक ने बैठक में पुलिस, प्रशासन और मंदिर समिति के बीच बेहतर तालमेल के साथ आयोजन पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने आम लोगों और श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। बैठक में रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस, प्रशासन और मंदिर समिति के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।