Adityapur Triple Murder Case: आदित्यपुर के चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में मुख्य आरोपी शेरू सरदार ने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. इससे पहले झारखंड हाईकोर्ट उसकी जमानत याचिका तीन बार खारिज कर चुका है. शेरू सरदार ने आदित्यपुर थाना कांड संख्या 104/2022 में जमानत की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है. अब शीर्ष अदालत में इस याचिका पर सुनवाई होगी.
हाईकोर्ट से तीन बार नहीं मिली राहत
आरोपी शेरू सरदार ने पहले झारखंड हाईकोर्ट में जमानत के लिए तीन अलग-अलग बार याचिका दाखिल की थी. हर बार अदालत ने उसे राहत देने से इनकार कर दिया. हाईकोर्ट से जमानत नहीं मिलने के बाद आरोपी ने अब सुप्रीम कोर्ट में अपनी जमानत याचिका दायर की है.
7 जून 2022 को हुई थी तीन लोगों की हत्या
यह मामला वर्ष 2022 में आदित्यपुर थाना क्षेत्र में हुई तिहरी हत्या से जुड़ा है. 7 जून 2022 को आशीष गोराई, राजू गोराई और सुबीर चटर्जी की हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद पुलिस ने शेरू सरदार समेत कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया था. मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है.
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी नजर
अब इस मामले में शेरू सरदार की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला अहम होगा. पीड़ित पक्ष और पुलिस की नजर भी शीर्ष अदालत की आगामी सुनवाई पर टिकी है.