Baharagora Road Accident: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। रॉयल मिंट होटल के पास जमशेदपुर की ओर से आ रहे एक खाली डाला बॉडी ट्रक ने आगे चल रहे अलकतरा (डामर) से भरे टैंकर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक केबिन में फंस गया।
टक्कर के बाद सड़क पर फैला अलकतरा, बढ़ा हादसे का खतरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह दब गया। वहीं, टैंकर से अलकतरा सड़क पर फैल गया, जिसके कारण हाईवे पर फिसलन की स्थिति पैदा हो गई। इससे मौके पर मौजूद लोगों और गुजरने वाले वाहनों के लिए खतरा बढ़ गया था। हादसे की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित निकाला गया
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद ट्रक के केबिन में फंसे घायल चालक को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर बाधित यातायात को सामान्य करने के लिए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। वहीं, सड़क पर फैले अलकतरे को हटाने और फिसलन कम करने के लिए जेसीबी की सहायता से बालू डलवाया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण हाईवे पर लंबे समय तक जाम की स्थिति नहीं बनी और जल्द ही वाहनों का आवागमन सामान्य हो गया।
पुलिस की तत्परता की लोगों ने की सराहना
घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बहरागोड़ा पुलिस की सक्रियता की सराहना की। लोगों का कहना है कि समय रहते राहत कार्य शुरू होने से घायल चालक को मदद मिली और सड़क पर फैले अलकतरे के कारण होने वाली संभावित बड़ी दुर्घटना को भी टाला जा सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।