Jamshedpur: जमशेदपुर बंद के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब से मिला। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच, प्राथमिकी की समीक्षा और कथित रूप से बेबुनियाद धाराओं को हटाने की मांग को लेकर एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को बताया कि शहर में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में भाजपा ने 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया था। पार्टी का दावा है कि यह बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया गया था, जिसे शहर के व्यापारियों, आम लोगों और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला था।
हिमांशु हत्याकांड के विरोध में बुलाया गया था बंद
भाजपा नेताओं ने कहा कि बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड समेत शहर में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में बंद बुलाया गया था। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की मांग की।
FIR को बताया तथ्यों से परे
ज्ञापन में भाजपा ने कहा कि बंद के बाद जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JAM) के एक पदाधिकारी की शिकायत पर टेल्को थाना में पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें टेल्को मंडल अध्यक्ष, घोड़ाबांधा मंडल अध्यक्ष, जिला महामंत्री, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष, पूर्व जिला पदाधिकारी समेत 18 लोगों के नाम शामिल हैं। भाजपा प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि प्राथमिकी में लगाए गए आरोप वास्तविक तथ्यों से मेल नहीं खाते हैं। पार्टी ने कहा कि बंद के दौरान किसी तरह की हिंसा या अप्रिय घटना नहीं हुई और न ही इस संबंध में कोई मीडिया रिपोर्ट या प्रशासनिक सूचना सामने आई है। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
संजीव सिन्हा बोले- लोकतांत्रिक अधिकारों का हो रहा हनन
मीडिया से बातचीत में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा हमेशा लोकतांत्रिक तरीके से जन मुद्दों को उठाने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि अपराध और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर शांतिपूर्ण विरोध करना जनता और राजनीतिक दलों का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दुर्भावना से मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा किसी भी तरह की हिंसा या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का समर्थन नहीं करती।
SSP ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
भाजपा नेताओं ने मांग की कि टेल्को थाना में दर्ज प्राथमिकी की दोबारा समीक्षा की जाए, निराधार धाराओं को हटाया जाए और निर्दोष लोगों को राहत दी जाए। वहीं, एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच और समीक्षा की जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे मौजूद
एसएसपी से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, सुधांशु ओझा समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।