Monsoon Baby Care: बारिश का मौसम अपने साथ ठंडक तो लाता है, लेकिन संक्रमण और मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देता है. इस दौरान बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने पर सर्दी, खांसी, वायरल, निमोनिया और स्किन इंफेक्शन जैसी समस्याएं जल्दी घेर सकती हैं. ऐसे में कुछ आसान सावधानियां अपनाकर बच्चों को स्वस्थ रखा जा सकता है.
हाइजीन और सफाई पर दें सबसे ज्यादा ध्यान
बारिश के मौसम में बच्चे खेलते समय कई सतहों को छूते हैं, जिससे उनके हाथों पर कीटाणु आसानी से पहुंच जाते हैं. इसलिए उन्हें साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोने की आदत डालें. खासकर खाना खाने से पहले, बाहर से आने के बाद और शौचालय इस्तेमाल करने के बाद हाथ साफ करना जरूरी है. घर की सफाई का भी विशेष ध्यान रखें और फर्श की नियमित सफाई करें.
इम्युनिटी मजबूत रखना है जरूरी
बच्चों के भोजन में ताजे फल, हरी सब्जियां, दाल, दूध और अन्य पौष्टिक चीजें शामिल करें ताकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनी रहे. पर्याप्त नींद भी उतनी ही जरूरी है, क्योंकि अच्छी नींद शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद करती है. बच्चों को रोजाना उम्र के अनुसार खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए भी प्रोत्साहित करें.
भीगने के बाद तुरंत बदलें कपड़े
बारिश में भीगने के बाद बच्चों को लंबे समय तक गीले कपड़ों में न रहने दें. उन्हें गुनगुने पानी से साफ कर तुरंत सूखे कपड़े पहनाएं. बाहर जाते समय रेनकोट या छाते का इस्तेमाल करें. शरीर को गर्म रखने के लिए गुनगुना दूध या सूप दिया जा सकता है, जिससे मौसम बदलने पर बीमार पड़ने का खतरा कम हो सकता है.