Godda News : गोड्डा जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित कारगिल चौक के पास बुधवार देर रात एक ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बारिश के दौरान हुई इस घटना में बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की और करीब 6 लाख रुपये से अधिक नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक जेपीएन चौधरी, पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक और नगर थाना प्रभारी दिनेश महली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुकान संचालक से घटना की जानकारी ली, घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
दुकान संचालक वासुदेव राय ने बताया कि बाइक पर सवार तीन अपराधी दुकान में पहुंचे। सभी ने काले कपड़े और मास्क पहन रखे थे तथा उनके हाथों में पिस्टल थी। एक अपराधी दुकान के गेट पर निगरानी करता रहा, जबकि दो बदमाश काउंटर तक पहुंचे। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की और काउंटर में रखी नकदी व जेवरात समेट लिए।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज, अपराधियों की तलाश में छापेमारी
दुकानदार ने जब लूट का विरोध किया तो एक बदमाश ने पिस्टल के बट से उनके माथे पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना के समय दुकान में एक महिला ग्राहक और एक अन्य युवक भी मौजूद थे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी हथियार लहराते हुए बाइक से रौतारा चौक की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के व्यवसायियों और दुकानदारों में भय का माहौल है। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में भी पुलिस ने घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है।
लूट और फायरिंग की घटना के विरोध में गुरुवार को गोड्डा शहर के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। व्यापारियों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।