Bokaro News : बोकारो में कई दिनों से पुलिस के लिए सिरदर्द बने दोपहिया वाहन चोर गिरोह का बोकारो पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की कुल 9 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस कार्रवाई में एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र स्थित कैलुडीह खटाल, छाताबाद निवासी 23 वर्षीय अरमान कुमार यादव उर्फ अमन कुमार के रूप में हुई है।
1 जुलाई 2026 को सेक्टर-9/डी निवासी सुदेश कुमार की अपाचे मोटरसाइकिल (JH10-CR-3079) हरला थाना क्षेत्र से चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

तकनीकी जांच से मिला सुराग, धनबाद में छापेमारी कर बरामद हुईं चोरी की बाइक
मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-6/सी निवासी एक विधि-विरुद्ध किशोर से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र स्थित अरमान कुमार यादव के घर छापेमारी की गई, जहां से चोरी की अपाचे बाइक सहित बोकारो के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 9 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था। उसके खिलाफ पहले से हरला और सेक्टर-6 थाना में वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं।