Dhanbad News : झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान धनबाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वासेपुर स्थित एक आधार सेंटर को सील कर दिया। आरोप है कि सेंटर पर लोगों से 50 से 100 रुपये लेकर अनधिकृत तरीके से SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म भरा जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम लोकेश बारंगे ने गुरुवार को छापेमारी कर सेंटर को सील कर दिया। फिलहाल सेंटर संचालक की तलाश की जा रही है।
एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर राज्यभर में SIR अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली थी कि वासेपुर के एक आधार सेंटर पर पैसे लेकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरे जा रहे हैं। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सेंटर को सील कर दिया। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के नाम पर अवैध वसूली करने वाले अन्य केंद्रों पर भी प्रशासन की नजर है।
बीएलओ या अधिकृत वॉलंटियर से ही भरवाएं फॉर्म, गलत जानकारी देने पर होगी कार्रवाई
एसडीएम ने लोगों से अपील की कि SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म स्वयं भरें। यदि किसी को फॉर्म भरने में परेशानी हो तो अपने क्षेत्र के बीएलओ, सुपरवाइजर या अधिकृत वॉलंटियर से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि किसी साइबर कैफे, आधार सेंटर या बिचौलिए को पैसे देकर फॉर्म भरवाने से गलत जानकारी दर्ज होने की आशंका रहती है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि गलत सूचना देकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (RP Act) सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।