Ranchi News : ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। डीजीपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
रथ यात्रा मार्ग पर बढ़ेगी निगरानी, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के विशेष इंतजाम
डीजीपी तदाशा मिश्र ने रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र में व्यापक निगरानी सुनिश्चित करने, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर भी जोर दिया।
समीक्षा बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और मेला समिति के प्रतिनिधि मौजूद रहे।