Ranchi News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झारखंड में पर्यटन और खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें योजनाबद्ध तरीके से विकसित कर राज्य की पहचान को नई ऊंचाई दी जा सकती है।
इको टूरिज्म परियोजनाओं पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, लातेहार, हजारीबाग और रांची समेत कई जिलों में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने पतरातू घाटी में रोपवे और व्यू प्वाइंट, नेतरहाट में ग्लास ब्रिज या ग्लास वॉच टावर तथा लोध जलप्रपात में आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया।
खिलाड़ियों के लिए डेटाबेस और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की तैयारी
खेल विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के खिलाड़ियों का व्यापक डेटाबेस तैयार करने, आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और झारखंड में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की संभावनाएं तलाशने का निर्देश दिया। उन्होंने खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाने पर भी बल दिया।
कलाकारों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अवसर बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कला एवं संस्कृति विभाग को राज्य के कलाकारों का सत्यापित डेटाबेस तैयार करने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों एवं मंचों से जोड़ने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि अब तक लगभग 12 हजार कलाकारों का पंजीकरण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में योजनाबद्ध विकास से झारखंड की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।