IFS Officers Meeting: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को झारखंड मंत्रालय में भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी मोहम्मद शाहिद आलम और सुशील प्रसाद ने शिष्टाचार मुलाकात की. बैठक में राज्य में निवेश बढ़ाने, विकास योजनाओं को गति देने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करने के मुद्दों पर चर्चा हुई.
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे. दोनों आईएफएस अधिकारी मिड-कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत इन दिनों झारखंड दौरे पर हैं.
वैश्विक साझेदारी से निवेश और रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक साझेदारी के माध्यम से झारखंड में निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं. उन्होंने राज्य के विकास कार्यक्रमों को अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जोड़ने की जरूरत पर जोर दिया. बैठक में निवेश के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया.
प्रवासन, पर्यटन और शिक्षा पर भी चर्चा
मुलाकात के दौरान प्रवासन और गतिशीलता, वन्यजीव पर्यटन, कौशल विकास तथा शिक्षा क्षेत्र में सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा हुई.
भारतीय प्रवासी समुदाय की राज्य के विकास में भागीदारी बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया. अधिकारियों ने झारखंड की प्रशासनिक व्यवस्था और चल रही विकास योजनाओं की जानकारी भी ली.