Jamshedpur DD Bar Murder Case: जमशेदपुर के बिष्टुपुर डीडी बार हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले में गिरफ्तार बार संचालक व भाजपा नेता नीरज सिंह को जमशेदपुर पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रवाना हो गई है. राजस्थान के सीकर कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद पुलिस टीम उन्हें दिल्ली के रास्ते जमशेदपुर लाएगी. पुलिस के रात तक नीरज सिंह को लेकर शहर पहुंचने की संभावना है.
पुलिस इस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है. नीरज सिंह को राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर क्षेत्र स्थित कोतवाली थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया था.
मोबाइल लोकेशन के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, नीरज सिंह को मोबाइल के जरिए ट्रैक किया गया था. इसके बाद राजस्थान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद उन्हें स्थानीय थाना में रखा गया.
जमशेदपुर पुलिस की टीम पहले दिल्ली पहुंची थी. इसके बाद टीम राजस्थान पहुंची और नीरज सिंह से पूछताछ शुरू की गई.
सीकर कोर्ट में पेशी के बाद मिली अनुमति
पूछताछ के बाद नीरज सिंह को सुबह सीकर कोर्ट में पेश किया गया. जमशेदपुर पुलिस ने उन्हें झारखंड लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दी थी.
कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दे दी. इसके बाद पुलिस टीम आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर नीरज सिंह को जमशेदपुर लेकर निकल गई है.
पत्नी संध्या सिंह ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
नीरज सिंह की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद उनकी पत्नी संध्या सिंह और कुछ करीबी लोग भी वहां पहुंचे. संध्या सिंह मानगो नगर निगम मेयर पद का चुनाव लड़ चुकी हैं.
संध्या सिंह ने पुलिस कार्रवाई को गलत बताया है. उनका कहना है कि नीरज सिंह और उनके परिवार को बेवजह परेशान किया जा रहा है. मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.