Jharkhand Thunderstorm Alert: झारखंड में अगले चार दिन मौसम खराब रह सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 6 से 9 जुलाई तक राज्य के सभी 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
इस दौरान कई इलाकों में आंधी, गरज-चमक और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
सोमवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला और रांची में भारी बारिश हो सकती है.
मंगलवार को धनबाद, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज और गिरिडीह समेत उत्तर-पूर्वी झारखंड के कई जिलों में तेज बारिश का अनुमान है. बुधवार को भी राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
तापमान में आएगी गिरावट
लगातार बादल छाने और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
जगन्नाथपुर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 50.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. पलामू के डाल्टनगंज और पाकुड़ में सबसे अधिक 35.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
बोकारो में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री और जमशेदपुर में 34 डिग्री सेल्सियस रहा. रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मानसून के बावजूद बारिश में कमी
झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 12 जून को दस्तक दी थी और 30 जून तक पूरे राज्य में सक्रिय हो गया था. इसके बावजूद 4 जुलाई तक राज्य में सामान्य से 45 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है.