Chatra: अब तक आपने अक्सर यही सुना होगा कि किसी जहरीले सांप ने इंसान को काट लिया और इंसान की जान पर बन आई। लेकिन क्या कभी आपने इसका बिल्कुल उल्टा सुना है? क्या कभी सुना है कि कोई इंसान ही जिंदा सांपों को निगल गया? नहीं न? लेकिन झारखंड के चतरा जिले में एक ऐसा ही वाकया सामने आया है, जिसे सुनकर खुद डॉक्टर भी अपना सिर पकड़कर बैठ गए हैं। यह अजीबोगरीब मामला चतरा जिले के कुन्दा प्रखंड मुख्यालय के बरवाडीह गांव का है, जहां शराब के नशे में धुत एक शख्स दो जिंदा सांपों को कच्चा चबा गया और तीसरे को खाने ही वाला था कि ऐन वक्त पर अनहोनी टल गई।
ताश की महफिल और बिन बुलाए मेहमान
यह घटना शनिवार की है। बरवाडीह गांव में बुधन भारती नाम का एक शख्स अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठकर बड़े चाव से ताश खेल रहा था। महफिल जमी थी और शराब का दौर भी चल रहा था। बुधन पूरी तरह नशे में चूर था। इसी बीच, खेल के दौरान वहां अचानक कहीं से एक सांप आ गया। सांप ने बुधन को डंसने की कोशिश की, लेकिन शायद वह नहीं जानता था कि आज उसका पाला किससे पड़ा है।
एक सांप को चबाया, फिर दूसरे को भी नहीं छोड़ा!
नशे में धुत बुधन को न जाने क्या सनक सवार हुई कि उसने फुफकारते हुए सांप को डरने के बजाय पलक झपकते ही हाथ से पकड़ लिया। इससे पहले कि वहां बैठे उसके दोस्त कुछ समझ पाते, बुधन उस जिंदा सांप को मुंह में डालकर चबाने लगा। दोस्त यह देखकर सन्न रह गए। अभी लोग इस खौफनाक मंजर से संभले भी नहीं थे कि बुधन की नजर वहीं पास में रेंग रहे एक दूसरे सांप पर पड़ गई। बुधन ने आव देखा न ताव, दूसरे सांप को भी दबोचा और उसे भी चबाकर निगल गया। उसके साथी चिल्लाते रहे, उसे रोकते रहे, लेकिन बुधन पर तो जैसे कोई भूत सवार था। दोनों सांपों को खाने के बाद उसने मानो पानी की तरह फिर से शराब की घूंट गले से नीचे उतार ली।
तीसरे सांप पर थी नजर, तभी पहुंच गए घरवाले
हद तो तब हो गई जब बुधन की नजर वहीं पास मौजूद तीसरे सांप पर पड़ी। वह उसे भी पकड़कर मुंह में डालने ही वाला था कि मौके पर चीख-पुकार सुनकर उसके परिवार वाले पहुंच गए। घरवालों ने हिम्मत दिखाई और बुधन को बमुश्किल रोका, तब जाकर तीसरे सांप की जान बची।
अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर भी रह गए दंग
घबराए हुए परिजन बिना वक्त गंवाए बुधन को लेकर तुरंत अस्पताल भागे। हैरान करने वाली बात यह थी कि घरवाले अपने साथ उस तीसरे सांप को भी ले गए ताकि डॉक्टरों को पूरी बात समझ आ सके। जब अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली, तो कुछ देर के लिए वहां सन्नाटा पसर गया। किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था कि कोई इंसान ऐसा भी कर सकता है। डॉक्टरों ने बताया कि उनके पूरे मेडिकल करियर में ऐसा अजीबोगरीब मामला पहली बार आया है। लेकिन इस कहानी का सबसे बड़ा ट्विस्ट अभी बाकी था। डॉक्टरों ने जब बुधन की गहन जांच की, तो उसके शरीर में जहर (विष) का कोई असर ही नहीं मिला! फिलहाल बुधन पूरी तरह सामान्य और स्वस्थ है, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में एक ऐसी चर्चा छेड़ दी है जिसे लोग सालों तक नहीं भूलेंगे।