Bokaro News : विस्थापित अप्रेंटिस संघ की बैठक रविवार को शहीद प्रेम प्रसाद गार्डन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अमोद महतो ने की, जबकि संचालन सुरेंद्र कुमार महतो ने किया। बैठक में लंबित नियोजन प्रक्रिया को लेकर नाराजगी जताते हुए 13 जुलाई को बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के सभी गेट जाम करने की घोषणा की गई।
एक साल बाद भी नहीं शुरू हुई नियोजन प्रक्रिया
संघ के नेताओं ने बताया कि 5 जुलाई 2025 को बोकारो उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई वार्ता के दौरान 21 दिनों के भीतर नियोजन प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई, जिससे विस्थापित अप्रेंटिसों में भारी नाराजगी है।
13 जुलाई को बीएसएल के सभी गेट जाम करने का ऐलान
संघ के अध्यक्ष अमोद महतो ने कहा कि यदि प्रशासन और प्रबंधन ने शीघ्र पहल नहीं की तो 13 जुलाई को बोकारो स्टील प्लांट के सभी गेटों को जाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी बीएसएल प्रबंधन की होगी।
बैठक में संघ ने कई मांगें रखीं। इनमें विस्थापित अप्रेंटिसों को कैजुअल आधार पर बहाल करने, 4,328 लोगों को अप्रेंटिस का अवसर देने, पूर्व की तरह विस्थापितों के लिए चतुर्थ श्रेणी की बहाली शुरू करने तथा शहीद प्रेम प्रसाद के आश्रित को नियोजन देने की मांग शामिल है। संघ के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रबंधन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेते हैं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
बैठक में सुनील महतो, सुरेंद्र महतो, राजकुमार, बबलू, सुभाष कुमार, पान बाबू हेंब्रम, राजू साहू, अमोद कुमार, उमेश सिंह, मनोज कुमार, अभिषेक कुमार, गणेश साव, नीलकंठ महतो, शंकर रविदास, शंभू महतो, विमल टुडू, देवीलाल सोरेन सहित बड़ी संख्या में विस्थापित अप्रेंटिस उपस्थित रहे।